Sonbhadra News : ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर कथित नकली डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफ़ाश
राबर्ट्सगंज थाना अंतर्गत पुलिस ने ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर कथित नकली डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (डी ई एफ) बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफ़ाश किया ।

sonbhadra
10:12 PM, July 1, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज थाना अंतर्गत पुलिस ने ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर कथित नकली डीजल एग्जॉस्ट फ्लूइड (डी ई एफ) बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफ़ाश किया । पुलिस ने उक्त फैक्ट्री से भारी मात्रा में नकली उत्पाद एवं पैकिंग सामग्री बरामद की l एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उक्त मामले में 2 नामजद और तीन अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है ।
प्रभारी निरीक्षक थाना रॉबर्ट्सगंज रामस्वरूप वर्मा ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को पुलिस को मिली सूचना के आधार पर टाटा मोटर्स परिसर स्थित एक प्लांट पर पुलिस टीम एवं तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम से नकली डी ई एफ का निर्माण एवं पैकेजिंग तथा ब्रांडिंग किए जाने के तथ्य सामने आए l एस एच ओ ने बताया कि मौके से भारी मात्रा में नकली उत्पाद , नकली होलोग्राम , स्टिकर, पैकेजिंग सामग्री एवं निर्माण उपकरण बरामद किए गए l उन्होंने बताया कि मौके से प्राप्त सामग्रियों को सील कर वैज्ञानिक परीक्षण हेतु सुरक्षित रख लिया गया तथा आपूर्ति शृंखला से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है l
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने मौके से 11 कंटेनर (कुल क्षमता 1000 लीटर ) नकली डी ई एफ सहित , टाटा जेन्युइन पार्ट्स के 629 होलोग्राम , 33 नकली बी आई एस स्टिकर , 50 ओरिजिनल अंकित नकली स्टिकर, बड़ी संख्या में बाल्टी , डिस्पेंसर मशीन , नोजल पाइप , मापक पात्र तथा अन्य सामग्री बरामद की गई l
बता दें कि डी ई एफ जिसको आम बोलचाल की भाषा में यूरिया कहते हैं का उपयोग बी एस 6 स्तर के डीजल वाहनों में किया जाता है l इन वाहनों में डी ई एफ के लिए एक अलग से टंकी होती है तथा इसके उपयोग से वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आती है l




