Sonbhadra news : एकजुटता की मिसाल, देवी जागरण में रातभर झूमे श्रद्धालु
गोकुलधाम शांतिनगर-2 में श्री दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

sonbhadra
7:04 PM, October 17, 2026
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर (सोनभद्र)। गोकुलधाम शांतिनगर-2 में श्री दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में दुर्गा पूजा महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। भव्य देवी जागरण, राधा-कृष्ण की झांकी और भक्तिमय गीतों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति में सराबोर रखा। आयोजन की खासियत रही कि मोहल्लेवासियों ने आपसी सहयोग से पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालकर एकजुटता की मिसाल पेश की।
महासप्तमी की शाम प्रस्तुत राधा-कृष्ण की झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद माँ जगदम्बा जागरण ग्रुप, बीजपुर की प्रसिद्ध गायिका प्रियंका श्रीवास्तव और उनकी टीम ने देवी गीतों व भजनों से समां बांध दिया। जय माता दी के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
कार्यक्रम में भाजपा नेता शिवधारी गुप्ता तथा व्यवसायी संजय राय और प्रमोद का समिति ने माल्यार्पण व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
महोत्सव को सफल बनाने में संरक्षक अजीत कुमार कुशवाहा, अरुण कुमार शाह, संदीप उपाध्याय, अध्यक्ष बबन ठाकुर, उपाध्यक्ष शुभम गुप्ता, महामंत्री विनोद चंद्रवंशी सहित समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने अहम भूमिका निभाई।
समापन पर अध्यक्ष बबन ठाकुर ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।




