Sonbhadra News : पूर्व हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर की सेवा समाप्ति के बाद भी नहीं सौंपे सरकारी अभिलेख, मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने जारी किया नोटिस
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्रशासनिक अनुशासन को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 आनन्द कुमार ने पूर्व हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर डॉ0 अंकिता कुमारी को नोटिस जारी कर....

sonbhadra
10:51 PM, July 11, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• पूर्व हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर डॉ0 अंकिता कुमारी को प्राचार्य का नोटिस
• समय सीमा में हस्तांतरण न होने पर प्रशासनिक एवं विधिक कार्यवाही की चेतावनी
सोनभद्र । स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्रशासनिक अनुशासन को लेकर बड़ा कदम उठाया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 आनन्द कुमार ने पूर्व हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर डॉ0 अंकिता कुमारी को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर संस्थागत आवास, उसकी चाबियां, कार्यालयीय अभिलेख, पत्रावलियां, दस्तावेज एवं अन्य शासकीय सामग्री का विधिवत हस्तांतरण करने का निर्देश दिया है। आदेश का पालन न होने की स्थिति में नियमानुसार प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
जारी नोटिस के अनुसार, डॉ0 अंकिता कुमारी की नियुक्ति कार्यालय आदेश संख्या 1104 दिनांक 5 जनवरी 2026 के तहत छह माह की संविदा अवधि के लिए हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेटर के पद पर की गई थी। निर्धारित कार्यकाल पूरा होने के साथ ही उनकी सेवा अवधि समाप्त हो चुकी है।
वहीं महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि संविदा के विस्तार अथवा नवीनीकरण के लिए उनकी ओर से कोई आवेदन भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बावजूद सेवा अवधि समाप्त होने के बाद भी उनके कब्जे में मौजूद संस्थागत आवास, उसकी चाबियां तथा उनके प्रभार से संबंधित कार्यालयीय अभिलेख, पत्रावलियां और अन्य शासकीय सामग्री का विधिवत हस्तांतरण अब तक नहीं किया गया है। इसे प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन मानते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
नोटिस में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि पत्र प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर संस्थागत आवास खाली कर उसकी चाबियां संबंधित अधिकारी को सौंपी जाएं साथ ही समस्त कार्यालयीय अभिलेख, दस्तावेज एवं अन्य सरकारी सामग्री सूचीबद्ध कर हस्ताक्षरित रूप में संबंधित अधिकारी को हस्तांतरित करते हुए उसका प्रमाण भी कार्यालय में उपलब्ध कराया जाए। यदि निर्धारित अवधि में निर्देशों का पालन नहीं किया जाता है तो सक्षम स्तर से आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 आनन्द कुमार ने कहा कि "महाविद्यालय में प्रशासनिक व्यवस्था और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सेवा अवधि समाप्त होने के बाद संस्थागत आवास, अभिलेख एवं अन्य शासकीय सामग्री का नियमानुसार हस्तांतरण प्रत्येक अधिकारी की जिम्मेदारी है। संबंधित अधिकारी को नियमों के अनुरूप नोटिस जारी किया गया है। यदि निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं किया गया तो शासन के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"




