Sonbhadra News : जिला एकीकरण की बैठक में आपसी भाईचारे पर बल
आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में जिला एकीकरण समिति की बैठक सम्पन्न हुई....

sonbhadra
9:14 PM, September 29, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में जिला एकीकरण समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
जिला एकीकरण समिति की सदस्य प्रमिला जायसवाल ने एकीकरण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "हम सभी एक साथ मिलजुल कर देश के विकास में सहयोगी बनें एवं देश के लोकतन्त्र में मानव की गरिमा बनाये रखें। हमारा एक ही धर्म केवल मानव धर्म होना चाहिए।"
डॉ0 संजय सिंह ने अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा कि "पूर्व में गाँव में लोग सायं के समय चौपाल लगाया करते थे, जिसमें एकीकरण व भाईचारे की भावना की झलक दिखायी देती थी, परन्तु आज हम एकांकी होते जा रहे हैं, जिससे मानसिक तनाव के कारण आत्म हत्या की घटनायें आये दिन देखने को मिल रही हैं।"
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने कहा कि "हमारे विद्यालयों में सभीं जाति, धर्म, वर्ग, सम्प्रदाय के बच्चों को बिना भेदभाव के एक साथ शिक्षा प्रदान की जाती है, जो एकीकरण का सबसे अनोखा उदाहरण है।"
सुरेश शुक्ला ने कहा कि "आने वाले त्यौहार विजय दशमी के अवसर पर रामरूपी सत्य रावणरूपी असत्य पर विजय प्राप्त करेंगे और हमारे राष्ट्र के एकीकरण का ही यह परिचायक है कि ये त्यौहार भी हम सभीं जाति, धर्म, वर्ग, सम्प्रदाय के लोग मिलकर एक साथ हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं।"
ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि "हमारे राष्ट्र के विद्वान यह जानते थे कि जब हम स्वतंत्र होंगे तब हम धीरे-धीरे स्वच्छन्द भी होते जायेंगे जिसके दृष्टिगत ही राष्ट्र की एकता को संजोए रखने के लिए इस राष्ट्रीय एकीकरण, राज्य एकीकरण व जिला एकीकरण समिति का निर्माण किया गया है।"




