Sonbhadra News : "नेताजी" मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के तत्वावधान में फुलवार गाँव मे आयोजित कार्यक्रम में मनाई गई पुण्यतिथि

सोनभद्र
4:23 PM, October 10, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के तत्वावधान में दुद्धी ब्लॉक क्षेत्र के फुलवार गाँव में समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव जी ('नेताजी') की चौथी पुण्यतिथि गरिमामय माहौल में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित विशेष श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोगों, जन प्रतिनिधियों और भारी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने नेताजी के तैलचित्र पर पुष्प और माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा परिसर नेताजी अमर रहें के नारों से गुंजायमान हो उठा।
इस मौके पर उपस्थित जिलाध्यक्ष जगतनारायण यादव, कोषाध्यक्ष रामप्रसाद यादव, उपाध्यक्ष दिनेश यादव और प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने नेताजी के जीवन संघर्षों पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि नेताजी ने अपना पूरा जीवन किसानों, नौजवानों, पिछड़ों और वंचित समाज के अधिकारों व उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। राजनीति में उनका योगदान और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का उनका ऐतिहासिक प्रयास हमेशा अनुकरणीय रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान महासचिव अभिनाथ यादव, छात्रसभा अध्यक्ष अजय यादव, रामचंद्र यादव और शिवनाथ यादव, मखन यादव सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। सभी उपस्थित लोगों ने नेताजी के बताए रास्तों पर चलने और उनके समाजवादी विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम का सफल संचालन महासचिव अभिनाथ यादव ने किया। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।




