Sonbhadra News : हौसला बुलंद चोरों ने कई दुकानों को बनाया निशाना,दहशत
थाना क्षेत्र विंढमगंज अंतर्गत महुली में एक ही रात चोरों ने तीन दुकानों के ताले चटकाए

सोनभद्र
8:02 PM, April 11, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित फूलवार ग्राम पंचायत के शनिचर बाजार में बीती शुक्रवार की रात को लगभग 1 बजे अज्ञात चोरों ने कई दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंकित मोबाइल शॉप में चोरों ने ताला तोड़कर करीब 8 जिओ मोबाइल, कुछ कस्टमर के रिपेयर किए गए मोबाइल, लगभग 20 एयरफोन तथा दुकान में रखे कुछ नगद पर हाथ साफ कर दिया। दुकानदार के अनुसार कुल मिलाकर लगभग ₹70,000 का नुकसान हुआ है।
वहीं दूसरी घटना में बंशीधर की किराना दुकान से सामान समेत नगद लेकर फरार हो गए। इसके अलावा रामबली कनौजिया की दुकान का ताला तोड़कर लगभग 15 लीटर पेट्रोल चोरी कर लिया गया।
एक अन्य दुकानदार इंटॉप अली ने बताया कि उनके दुकान का भी ताला तोड़ा गया, हालांकि चोर चोरी करने में सफल नहीं हो सके।
घटना की सूचना मिलते ही थाना से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना निरीक्षक शिवकुमार सिंह के निर्देश पर दीवान भूपेंद्र पांडेय व धीरेंद्र मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस द्वारा पीड़ितों को आश्वासन दिया गया है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही पकड़ कर कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की ओर से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की बात कही गई है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




