Sonbhadra News : आंधी-तूफान से बिजली व्यवस्था ध्वस्त, 600 पोल व 96 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त
बीते बुधवार शाम करीब 5:30 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने जनपद की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तूफान के चलते बड़ी संख्या में विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और इन्सुलेटर क्षतिग्रस्त हो गए......

बिजली व्यवस्था बहाल करने में जुटे बिजली विभाग के कर्मचारी.....
sonbhadra
5:14 PM, May 15, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• युद्धस्तर पर बहाली कार्य जारी, अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल
सोनभद्र । बीते बुधवार शाम करीब 5:30 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने जनपद की विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तूफान के चलते बड़ी संख्या में विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और इन्सुलेटर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। हालांकि विद्युत विभाग द्वारा युद्धस्तर पर राहत एवं मरम्मत कार्य चलाते हुए अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ई0 ओ0पी0 गुप्ता ने बताया कि "जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति गुरुवार सुबह आठ बजे तक सामान्य कर दी गई। वहीं उपकेंद्रों से निकलने वाले 11 केवी फीडरों की लगातार पेट्रोलिंग कर क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य दिन-रात जारी है। विभागीय टीमों द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकतर लाइनों की विद्युत आपूर्ति 15 मई तक बहाल कर दी गई है, जबकि शेष फीडरों पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। तेज तूफान के कारण जिले में लगभग 600 विद्युत पोल धराशायी हो गए, जबकि विभिन्न क्षमता के 96 ट्रांसफार्मर पोल से गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए। कई स्थानों पर बिजली के तार टूटकर सड़कों और खेतों में गिर गए, जिससे खतरे की स्थिति बनी रही। उन्होंने बताया कि आपूर्ति सामान्य करने के लिए विभागीय टीमें लगातार फील्ड में जुटी हुई हैं और जल्द से जल्द शेष क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था बहाल कर दी जाएगी।"
अधिशासी अभियंता ई0ओ0पी0 गुप्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि "आपदा की इस घड़ी में धैर्य बनाए रखें तथा क्षतिग्रस्त विद्युत लाइन एवं उपकरणों से सुरक्षित दूरी बनाकर रखें। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या की सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दें, ताकि दुर्घटना से बचा जा सके।"




