Sonbhadra News : जिले में बिजली व्यवस्था ध्वस्त, मधुपुर से लेकर चुर्क तक बिजली गुल, अंधेरे में मोमबत्ती के सहारे लोग
इन्वर्टर बैकअप जबाब दे चुका है, सुकृत ,लोहरा, गौरही, मुबारकपुर, बघोर, बघोरी, मझुई भवानीपुर, मधुपुर, कम्हरिया बट, बन्तरा, हरैया,परही, आदि गांवों के हजारों उपभोक्ता टकटकी लगाए बिजली बहाली की उम्मीद में

sonbhadra
7:26 PM, September 26, 2026
- कल पूरी रात चोपन में नहीं थी लाइट
जयनाथ मौर्या (संवाददाता)
मधुपुर (सोनभद्र) । जिस जिले से आधा भारत रौशन होता है, उस जिले में बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। मधुपुर में सुकृत विद्युत उपकेंद्र से जुड़े डेढ़ दर्जन से ज्यादा गांवों की बिजली सप्लाई पिछले 24घण्टे से ठप है। शुक्रवार की शाम ठप हुई बिजली आपूर्ति शनिवार शाम तक बहाल नहीं हो पायी है, रात में भटौलीया गांव के पास 33000 मेन सप्लाई तार गिर गया था जो शनिवार को खबर लिखे जाने तक दुरुस्त नहीं किया जा सका था। प्रतिकूल मौसम और कभी-कभी हो रही बारिश फाल्ट दुरुस्त करने में बाधा बनी हुई है। लगातार 24 घण्टे तक बिजली गुल होने के कारण निजी सबमर्सिबल पम्प पर आश्रित लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया। इन्वर्टर बैकअप जबाब दे चुका है, सुकृत ,लोहरा, गौरही, मुबारकपुर, बघोर, बघोरी, मझुई भवानीपुर, मधुपुर, कम्हरिया बट, बन्तरा, हरैया,परही, आदि गांवों के हजारों उपभोक्ता टकटकी लगाए बिजली बहाली की उम्मीद में हलकान रहे, साथ ही निर्बाध रूप से चलने वाली लोहरा बियर फैक्टरी की इंडस्ट्रीयल सप्लाई भी मेन लाइन फाल्ट के कारण बंद पड़ी है।
लोगों का कहना है कि कोई अधिकारी न फोन उठा रहा और न कोई सही जानकारी मिल पा रही। जनप्रतिनिधियों का हाल यह है कि वे इस समय चुनावी मोड में चल रहे हैं।सत्ताधारी जनप्रतिनिधि इन दिनों पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, जनता को भूल चुके हैं।
आपको बता दें कि रावर्ट्सगंज मुख्यालय पर अघोषित बिजली कटौती और लाइट की ट्रिपिंग से लोग परेशान हैं। चोपन में फॉल्ट की वजह से कल पूरी रात लाइट नहीं था। यही हाल चुर्क में भी है जहाँ 24 घण्टे से लाइट नहीं है, दुकानदार मोमबत्ती जलाकर बैठे हैं।




