Sonbhadra News: 8 दिनों से बिजली गुल, पानी संकट गहराया, बारकरा के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
भीषण गर्मी के दौर में रॉबर्ट्सगंज विकासखंड के ग्राम बारकरा, भागलपुर के ग्रामीण पिछले आठ दिनों से अंधेरे में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। गांव का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद पूरे क्षेत्र की....

ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण......
sonbhadra
1:19 PM, June 14, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । भीषण गर्मी के दौर में रॉबर्ट्सगंज विकासखंड के ग्राम बारकरा, भागलपुर के ग्रामीण पिछले आठ दिनों से अंधेरे में जीवन गुजारने को मजबूर हैं। गांव का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारियों की उदासीनता से ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर खराब ट्रांसफार्मर बदलवाने तथा विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना कई बार विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बाद भी न तो ट्रांसफार्मर बदला गया और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई। बिजली गुल होने से गांव में पेयजल संकट गहराने लगा है। रात के समय अंधेरे के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है, जबकि विद्यार्थियों की पढ़ाई और लोगों की दैनिक दिनचर्या भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
ग्रामीण आकाश कुमार और अमित सोनी ने बताया कि बिजली न होने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि यदि किसी शहरी क्षेत्र में ऐसी स्थिति होती तो विभाग तत्काल सक्रिय हो जाता, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है।
ग्रामीणों की बैठक में कुंती, मालती, फुलवा देवी, अर्चना, बेबी गुप्ता, बबुन्दर, मिरीच, उदय, सुरेश, मंगल, बबलू गुप्ता, मुन्ना, हरिबंस, मीरजा, गुड्डू, संतोष गुप्ता, गिरजा, सुदामा, राहुल, राजकुमार, कैलाश सोनी, दीपक, संजय, राजू, अनिल, पिंटू, लड्डू, प्रिंस, सुनील, दिनेश, अशोक, रजिन्दर, छोटू एवं बुल्लू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




