Sonbhadra News : विजिलेंस थाने के पास ही बिजली विभाग की 'डायरेक्ट लाइन', खुलेआम बिजली चोरी का VIDEO वायरल
एक तरफ आम उपभोक्ता स्मार्ट मीटर, बढ़े बिल और कड़ी वसूली से जूझ रहा है, दूसरी ओर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पूरे सिस्टम की पोल खोल......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
9:22 AM, April 27, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । एक तरफ आम उपभोक्ता स्मार्ट मीटर, बढ़े बिल और कड़ी वसूली से जूझ रहा है, दूसरी ओर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने पूरे सिस्टम की पोल खोल दी है। वीडियो में विद्युत वितरण उपखंड रॉबर्ट्सगंज के कार्यालय में एसी चलाने के लिए सीधे पोल से तार जोड़कर बिजली सप्लाई लेने का मामला सामने आया है, जो स्पष्ट रूप से बिजली चोरी की ओर इशारा करता है।
चौंकाने वाली बात यह है कि यह कथित व्यवस्था उसी इलाके में दिखाई दे रही है, जहां से विजिलेंस थाना कुछ ही दूरी पर स्थित है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि यदि आम उपभोक्ताओं पर कार्रवाई होती है, तो विभागीय परिसर में दिख रही इस स्थिति पर अब तक संज्ञान क्यों नहीं लिया गया?
जनता पर सख्ती, विभाग पर चुप्पी -
स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे बकायों और संदिग्ध मामलों में आम उपभोक्ताओं पर त्वरित कार्रवाई की जाती है, जबकि इस प्रकरण पर अब तक कोई स्पष्ट कदम सामने नहीं आया है। इससे पारदर्शिता और समान अनुपालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वायरल VIDEO से बढ़ा दबाव -
बिजली बिल जमा करने गए किसी उपभोक्ता ने कार्यालय में डायरेक्ट एसी संचालित होता देख 52 सेकेंड के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि तथ्यों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कोई अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
जनता का फूटा गुस्सा, सख्त कार्रवाई की मांग -
स्थानीय लोगों ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि "अगर आम आदमी बिजली चोरी करता है तो उस पर तुरंत जुर्माना और एफआईआर दर्ज होती है, लेकिन विभागीय अधिकारियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं होना बेहद शर्मनाक है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए, उन्हें निलंबित किया जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनता सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी।"




