Sonbhadra News : मौत बनकर दौड़ा करंट! पोल पर झुलसा युवक, जेई पर गंभीर आरोप; बिजली विभाग की चुप्पी ने बढ़ाए सवाल
बिजली विभाग की कथित घोर लापरवाही ने एक बार फिर पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बकथरी गांव निवासी विनोद कुमार पासवान की जान उस समय बाल-बाल बच गई, जब भुवारी........

बिजली बनाने पोल पर चढ़ा युवक झुलसा.......
sonbhadra
3:35 PM, August 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बिजली विभाग की कथित घोर लापरवाही ने एक बार फिर पूरे सिस्टम को कटघरे में खड़ा कर दिया है। रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के बकथरी गांव निवासी विनोद कुमार पासवान की जान उस समय बाल-बाल बच गई, जब भुवारी गांव में बिजली के पोल पर काम करते समय वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक करीब पांच मिनट तक पोल पर ही करंट से जूझता रहा, जबकि मौके पर मौजूद लोग बेबस होकर उसे बचाने की कोशिश करते रहे। ग्रामीणों की सूझबूझ से किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, तब जाकर उसकी जान बच सकी।
परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि जे0ई0 अरुण पाल के निर्देश पर विनोद कुमार पासवान पोल पर चढ़कर कार्य कर रहे थे। आरोप है कि लाइन बंद होने की पुष्टि किए बिना ही उन्हें पोल पर चढ़ा दिया गया। जैसे ही उन्होंने काम शुरू किया, लाइन में करंट दौड़ गया और वह पोल पर ही बुरी तरह झुलसते हुए करीब पांच मिनट तक तड़पते रहे। ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली आपूर्ति बंद कराई, जिसके बाद उन्हें नीचे उतारकर 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लोढ़ी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के दौरान जे0ई0 मौके पर मौजूद थे, लेकिन हादसा होते ही पीड़ित की मदद करने के बजाय वहां से भाग गए, इसे लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की मांग की है साथ ही पीड़ित के समुचित इलाज और आर्थिक सहायता देने की भी मांग की है।
घटना के बाद जब बिजली विभाग का पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो विभाग का कोई भी अधिकारी कैमरे पर या आधिकारिक रूप से कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हुआ। अधिकारियों की इस चुप्पी ने पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।




