Sonbhadra News : डीएम की सख्ती का असर, एनआरसी में शुरू हुआ अतिकुपोषित बच्चों का उपचार
जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने अब जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस की संयुक्त टीमों ने अभियान.....

एनआरसी का निरीक्षण करते जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह.....
sonbhadra
5:49 PM, May 16, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• अतिकुपोषित बच्चों के उपचार के लिए प्रशासन अलर्ट, गांव-गांव चल रहा स्क्रीनिंग अभियान
सोनभद्र । जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रशासन ने अब जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग और आईसीडीएस की संयुक्त टीमों ने अभियान चलाकर अतिकुपोषित बच्चों को के चिन्हित करना शुरू कर दिया है। इसका असर यह हुआ कि जिला संयुक्त चिकित्सालय परिसर स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) लोढ़ी में उपलब्ध सभी 10 बेड अतिकुपोषित बच्चों से भर चुके हैं और उनका विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
जिलाधिकारी ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जनपद में कोई भी अतिकुपोषित बच्चा उपचार से वंचित न रहे। इसके बाद बाल विकास सेवा एवं पुषाहार विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव-गांव पहुंचकर बच्चों की स्क्रीनिंग शुरू की। चिन्हित किए गए गंभीर रूप से अतिकुपोषित 10 बच्चों को एनआरसी सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि दिनांक 16 मई अपराह्न 2 बजे तक एनआरसी लोढ़ी के सभी 10 बेड पूरी तरह भर चुके थे। भर्ती बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में पौष्टिक आहार, दवाइयां, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो सके। उन्होंने कहा कि कुपोषण केवल स्वास्थ्य विभाग की चुनौती नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता का भी विषय है। बच्चों को जन्म से ही संतुलित आहार, समय पर टीकाकरण, स्वच्छता और नियमित स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है।
अभिभावकों से अपील करते हुए डीपीओ ने कहा कि यदि बच्चा उम्र के अनुसार कमजोर दिखाई दे, वजन और लंबाई कम हो, बार-बार बीमार पड़ता हो या भोजन ठीक से न करता हो तो उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र अथवा स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न रहे और सोनभद्र को कुपोषण मुक्त जनपद बनाया जा सके।




