Sonbhadra News : धरतीडाँड़ जंगल मे मिला लापता महिला का कंकाल, क्षेत्र में सनसनी
बीजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत धरती डांड स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी मंदिर जंगल के पास एक नाले में महिला का कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
विजय कुमार पटेल (संवाददाता)
बीजपुर (सोनभद्र) । स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत धरती डांड स्थित मोटकी मुकुट पहाड़ी मंदिर जंगल के पास एक नाले में महिला का कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पड़ोसी म्योरपुर थाना क्षेत्र से बीते 20 दिनों से लापता महिला के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार म्योरपुर थाना क्षेत्र के काचन निवासी विनोद कुमार की पत्नी पार्वती विगत 10 मई को म्योरपुर बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी जिसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई।काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला तो परिजनों द्वारा 19 मई को म्योरपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शनिवार सुबह धरती डांड के मोटकी मुकुट पहाड़ी मंदिर के पास नाले में गाय-बकरी चराने गए ग्रामीणों की नजर एक कंकाल पर पड़ी।नाले में मानव कंकाल दिखने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते वहां ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची बीजपुर थाना पुलिस ने कंकाल को कब्जे में ले लिया।शिनाख्त के दौरान उसकी पहचान लापता पार्वती के रूप में हुई।मृतका के पति विनोद कुमार जो कि आदिवासी समुदाय से हैं अपनी ससुराल में ही रहते थे और वर्तमान में जीविकोपार्जन के लिए बाहर अहमदाबाद में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत हैं।मृतका अपने पीछे शौर्यांश 8 वर्ष,आर्य 6 वर्ष,जया डेढ़ वर्ष तीन मासूम बच्चों को छोड़ गई है
महिला का कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने शव के अवशेषों को पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।महिला की मौत कैसे हुई और उसका शव म्योरपुर से इतनी दूर बीजपुर थाना क्षेत्र के नाले में कैसे पहुंचा पुलिस इन सभी पहलुओं और हत्या जैसी आशंकाओं को ध्यान में रखकर गहनता से तफ्तीश कर रही है।
सम्बंधित खबर