Sonbhadra News : पिपरी पुलिस की तत्परता से लापता चार नाबालिग सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपे गए बच्चे
थाना पिपरी क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हुए चार नाबालिग बच्चों को पिपरी पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द....

सकुशल बरामद घर से बगैर बताए गायब हुए बच्चे.....
sonbhadra
8:30 PM, May 12, 2026
आनन्द कुमार चौबे/मनोज वर्मा (संवाददाता)
सोनभद्र । थाना पिपरी क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हुए चार नाबालिग बच्चों को पिपरी पुलिस ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस द्वारा बच्चों को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किए जाने के बाद परिवार वालों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार चाचा कॉलोनी वार्ड नं-3 निवासी नन्दु पाल पुत्र रामबरन पाल ने थाना पिपरी में सूचना दी थी कि उसका पुत्र आलोक कुमार पाल (14 वर्ष) अपने मित्र रोहित कुमार (12 वर्ष), विवेक हरिजन (14 वर्ष) तथा अनिकेत राम (16 वर्ष) के साथ 9 मई को बिना बताए घर से कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही थाना पिपरी पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी माध्यमों की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने सोमवार को चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे सभी आपस में मित्र हैं और घूमने के उद्देश्य से बिना किसी को बताए ट्रेन से पटना चले गए थे। बच्चों ने बताया कि उनके साथ किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद चारों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पिपरी पुलिस की तत्परता और सक्रिय कार्रवाई की सराहना की।




