Sonbhadra News : भारी बारिश के कारण 12वीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित
जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह जलभराव की स्थिति को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कल यानी......

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
10:07 PM, September 1, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और जगह-जगह जलभराव की स्थिति को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर कल यानी 2 सितंबर को जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं अन्य बोर्ड से संचालित कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालय बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह की ओर से आज जारी आदेश में बताया गया है कि भारी वर्षा, अत्यधिक जल जमाव एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिलाधिकारी से प्राप्त निर्देश के क्रम में 2 सितंबर को सभी संबंधित विद्यालय बंद रहेंगे। आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लगातार बारिश से बढ़ी मुश्किलें -
जनपद में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में विद्यालय जाने वाले बच्चों को किसी तरह की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े, इसे देखते हुए प्रशासन ने विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया है।
हालांकि, विद्यालय बंद रहने के बावजूद शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और विभागीय निर्देशों के अनुसार यू-डायस प्रोग्राम, बोर्ड पंजीकरण, इंस्पायर अवार्ड पंजीकरण, स्वयं पोर्टल, ज्ञान एकेडमी आदि आवश्यक विभागीय कार्यों का क्रियान्वयन करते रहेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने कहा कि "लगातार हो रही बारिश और जलभराव को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में 2 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी संबंधित विद्यालय बंद रखने का आदेश दिया गया है। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।"




