Sonbhadra News : भीषण गर्मी के कारण आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की छुट्टी, 15 जून तक अवकाश घोषित
जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों के लिए 22 मई से 15 जून तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह.....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
8:25 PM, May 23, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चों के लिए 22 मई से 15 जून तक अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने आदेश जारी करते हुए बताया कि छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने बताया कि "वर्तमान समय में तापमान लगातार बढ़ रहा है और भीषण गर्मी के कारण छोटे बच्चे लू और गर्म हवाओं से प्रभावित हो सकते हैं। इसी को देखते हुए जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई है। हालांकि, आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद नहीं रहेंगे। केंद्रों पर कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को अपने नियमित शासकीय कार्य पूर्ववत करने होंगे। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि गृह भ्रमण, सामुदायिक गतिविधियां, टीकाकरण, अनुपूरक पुष्टाहार वितरण और पोषण ट्रैकर एप पर फीडिंग सहित सभी आवश्यक कार्य जारी रहेंगे। इसके अलावा जिन आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की ड्यूटी बीएलओ कार्य में लगाई गई है, उन्हें भी पूर्व की तरह कार्य करना होगा। विभाग ने सभी कार्यकत्रियों को निर्देशित किया है कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं से जुड़ी सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।"
गौरतलब है कि इन दिनों सोनभद्र में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। ऐसे में प्रशासन लगातार लोगों से दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील कर रहा है।




