Sonbhadra news : हाईवे की पटरी पर अतिक्रमण से जल निकासी बाधित, बरसात में बढ़ी लोगों की मुश्किलें
फुटहरवा पुल के समीप वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे की पटरी पर मोरम डालकर किए गए कथित अतिक्रमण से स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

sonbhadra
6:45 PM, July 28, 2026
जयनाथ मौर्या (संवाददाता)
* मधुपुर में फुटहरवा पुल के पास मोरम डालकर निजी उपयोग का आरोप, कार्रवाई की मांग
मधुपुर (सोनभद्र)। मधुपुर कस्बे के फुटहरवा पुल के समीप वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे की पटरी पर मोरम डालकर किए गए कथित अतिक्रमण से स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। बरसात के मौसम में जल निकासी बाधित होने से हाईवे किनारे जलभराव और कीचड़ की समस्या गंभीर हो गई है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, फुटहरवा पुल के पास स्थित चन्द्रप्रभा उद्गम क्षेत्र से निकलने वाला प्राकृतिक नाला ही वर्षा जल की निकासी का मुख्य माध्यम है। आरोप है कि नाले के समीप हाईवे की पटरी पर मोरम डालकर निजी उपयोग किए जाने के कारण पानी का प्राकृतिक प्रवाह रुक गया है। इससे बारिश का पानी जमा हो रहा है और सड़क किनारे कीचड़ फैलने से राहगीरों व वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार हाईवे पेट्रोलिंग टीम और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर बातचीत कर लौट जाते हैं और शिकायतकर्ताओं को केवल आश्वासन ही मिलता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अतिक्रमण हटवाकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।




