Sonbhadra News :चीन में चन्द्रमा के ध्रुवीय क्षेत्रों पर शोध करेगी दुद्धी की बिटिया, अधिवक्ता पुत्री का हुआ चयन
चीन में चन्द्रमा के ध्रुवीय क्षेत्रों पर शोध करेगी दुद्धी की बेटी, अधिवक्ता पुत्री का हुआ चयन

अपने शोध विश्वविद्यालय में दुद्धी बिटिया
sonbhadra
5:14 PM, September 27, 2026
चीन में चन्द्रमा के ध्रुवीय क्षेत्रों पर शोध करेगी दुद्धी की बेटी, अधिवक्ता पुत्री का हुआ चयन
दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी की होनहार बेटी जीवंतिका कुमारीका चयन चीन के प्रतिष्ठित पेकिंग विश्वविद्यालय, बीजिंगमें ग्रह विज्ञान (Planetary Science)में पीएचडी के लिए हुआ है। उन्हें चीन सरकार की ओर से पूर्ण छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई है। जीवंतिका ने 30 अगस्त की शाम भारत से चीन के लिए प्रस्थान किया तथा 31 अगस्त की सुबह पेकिंग विश्वविद्यालय पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करते हुए पीएचडी के लिए ज्वाइन किया।
पेकिंग विश्वविद्यालय विश्व के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में शामिल है। यहां जीवंतिका का शोध कार्य चंद्रमा के ध्रुवीय क्षेत्रों, वहां मौजूद क्रेटरों तथा उनके रडार डेटा के अध्ययनपर केंद्रित रहेगा। उनका शोध क्षेत्र चंद्र रिमोट सेंसिंग और ग्रह विज्ञान से जुड़ा है। भविष्य में वह चंद्रमा तथा अन्य ग्रहों को बेहतर ढंग से समझने और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में योगदान देना चाहती हैं।
जीवंतिका के पिता जीवन राम चंद्रवंशी पेशे से अधिवक्ता हैं, जबकि उनकी माता ज्योति देवी गृहिणी हैं। पिता ने अपने जीवन के संघर्षों के बावजूद अपने बच्चों की उच्च शिक्षा को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने अपने बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर मेहनत और त्याग किया।
जीवंतिका कुमारी की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों, शुभचिंतकों और दुद्धी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल शोध-यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी हैं।




