Sonbhadra News : विभिन्न मांगों को लेकर ड्राइवर यूनियन ने किया शांतिपूर्ण प्रदर्शन
थाना क्षेत्र के काली मंदिर परिसर में ड्राइवर यूनियन की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ड्राइवर संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रतन गुप्ता ने वाहन चालको

सोनभद्र
7:42 PM, November 13, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के काली मंदिर परिसर में ड्राइवर यूनियन की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ड्राइवर संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रतन गुप्ता ने वाहन चालकों के हितों और उनकी सुरक्षा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान रतन गुप्ता ने सरकार से ड्राइवर आयोग के गठन, ड्राइवर वेलफेयर आयोग की स्थापना तथा वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए मजबूत कानूनी व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ड्राइवर दिन-रात सड़कों पर रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, लेकिन कई बार उन्हें विभिन्न समस्याओं और असुरक्षाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।इसके साथ ही उन्होंने सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन सावधानीपूर्वक चलाने, निर्धारित गति सीमा बनाए रखने और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक चालक की जिम्मेदारी है। सभी ड्राइवरों को सुरक्षित तरीके से वाहन चलाना चाहिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इस शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन के माध्यम से ड्राइवर यूनियन ने सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने और वाहन चालकों के हितों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की।




