Sonbhadra News : ज़ब टायर जाँच रहे चालक को ट्रक में दिखा अजगर, फूँफकार सुन ड्राइवर की निकली चीख
बभनी थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ से कानपुर जा रहे एक ट्रक के चेसिस में एक विशाल अजगर छिपा मिलने से हड़कंप मच गया है। ट्रक चालक को टायर जांचते समय अजगर की हलचल दिखाई दी, जिसके बाद उसने स्थानीय लोगों....

sonbhadra
11:48 PM, August 22, 2025
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । बभनी थाना क्षेत्र में छत्तीसगढ़ से कानपुर जा रहे एक ट्रक के चेसिस में एक विशाल अजगर छिपा मिलने से हड़कंप मच गया है। ट्रक चालक को टायर जांचते समय अजगर की हलचल दिखाई दी, जिसके बाद उसने स्थानीय लोगों को इसकी सुचना दी। वहीं सुचना पाकर मौके पर पहुँची स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम ने दो घण्टे की कड़ी मशक्क़त के बाद अजगर को ट्रक से सुरक्षित बाहर निकाला और इसके पश्चात उसके जंगल में छोड़ दिया गया।
इस दौरान रेस्क्यू का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वन विभाग के दो कर्मचारी अजगर को ट्रक के चेचिस से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि अजगर ट्रक में सवार तो छत्तीसगढ़ से हुआ, लेकिन इसका रेस्क्यू उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में हुआ। वन विभाग के कर्मचारियों ने अजगर को रेस्क्यू किया। इस घटना के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने ट्रक ड्राइवर की तारीफ भी की।
ट्रक का टायर जाँचने के दौरान ड्राइवर को चेचिस में लिपटा दिखा विशाल अजगर -
मिली जानकारी के अनुसार, एक ट्रक छत्तीसगढ़ से चावल लादकर कानपुर जा रहा था, इस दौरान ट्रक चालक हसन अली ने चाय पीने के लिए परसाटोला चौराहे पर ट्रक खड़ी कर टायर की जाँच करने लगा। टायर जाँचने के दौरान ट्रक चालक को ट्रक के भीतर कुछ अजीब हरकत महसूस हुई ज़ब उसने करीब जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए, ट्रक के भीतर एक बड़ा अजगर मौजूद था। जिसके बाद डरे-सहमें ट्रक चालक ने तुरन्त ही स्थानीय लोगों को इसकी सुचना दी। ट्रक के भीतर अजगर की सुचना पर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं ग्रामीणों की सुचना पर बभनी के वन क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश चौबे और बभनी थाना प्रभारी कमलेश पाल अपनी-अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
दो घंटे की कड़ी मशक्क़त के बाद वन विभाग ने किया रेस्क्यू -
इस दौरान वन विभाग ने पुलिस विभाग और स्थानीय ग्रामीणों की मदद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग को आखिरकार अजगर को सुरक्षित पकड़ने में कामयाबी मिल गई। रेस्क्यू के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों को दूर रखा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ग्रामीणों की मदद से अजगर को सावधानीपूर्वक ट्रक से बाहर निकाल कर उसे सकुशल वापस जंगल में छोड़ दिया गया।
ट्रक में सवार होकर छत्तीसगढ़ से सोनभद्र पहुँचा अजगर -
वन क्षेत्राधिकारी प्रेम प्रकाश चौबे ने बताया कि "ट्रक छत्तीसगढ़ से चावल लेकर कानपुर जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि जब ट्रक छत्तीसगढ़ में खड़ा था, उसी दौरान जंगल के पास एक अजगर ट्रक में चढ़ गया। चालक को इसका पता ही नहीं चला और अजगर ट्रक के भीतर सफर करता हुआ उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले तक पहुंच गया।"




