Sonbhadra News : ट्रैक्टर से दबकर चालक की मौत,परिवार में मचा कोहराम
विंढमगंज थाना क्षेत्र के केवाल गांव की घटना

सोनभद्र
7:43 PM, June 29, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के ग्राम केवाल में सोमवार को खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर 35 वर्षीय अजमेरुद्दीन पुत्र मुस्तफा की मौत हो गई। घटना के समय आलम अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गए। परिजनों के अनुसार, काफी देर तक आलम ट्रैक्टर के नीचे दबे रहे। ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया। वहां डॉ. मनोहर कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र अहमद रजा (8 वर्ष), तुफैल आलम (7 वर्ष) तथा पांच वर्षीय पुत्री तमन्ना को छोड़ गए हैं। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है।
सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




