Sonbhadra News : रेलवे की खुदाई से पेयजल संकट गहराया, सैकड़ों क्षेत्रवासियों ने तहसील पर किया प्रदर्शन
प्रीतनगर चोपन में रेलवे विभाग द्वारा लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क किनारे की गई खुदाई से पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे स्थानीय स्तर पर पानी का संकट गहरा गया है।

sonbhadra
5:13 PM, June 8, 2026
घनश्याम पांडेय) विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र) । प्रीतनगर चोपन में रेलवे विभाग द्वारा लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क किनारे की गई खुदाई से पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे स्थानीय स्तर पर पानी का संकट गहरा गया है। लोगों को हो रही समस्याओं को देखते हुए सोमवार को सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी एकत्र होकर उप जिलाधिकारी ओबरा के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार ओबरा को सौंपा। क्षेत्रवासियों ने बताया कि खुदाई के कारण पेयजल पाइपलाइन टूट गई है, जिससे सैकड़ों परिवारों के सामने पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। घरों एवं दुकानों के सामने खोदे गए गहरे गड्ढों के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। कई स्थानों पर टिन-शेड एवं अन्य अस्थायी संरचनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, व्यापारी, मजदूर, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे। लोगों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए तत्काल राहत एवं सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जाएं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार ओबरा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए PWD के संबंधित अधिकारियों, क्षेत्रीय लेखपाल एवं नगर पंचायत चोपन के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक जांच एवं उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी सोनभद्र एवं जिला प्रशासन से भी मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है, ताकि पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके।




