Sonbhadra News: एक वर्ष से खुली पड़ी नाली बनी हादसों का कारण, नगरवासियों में नाराजगी
जिला जेल मुख्य मार्ग के किनारे निर्माणाधीन नाली को लंबे समय से खुला छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।


Office Address :सोनभद्र, उत्तरप्रदेश (231216)
Chief Editer :Shantanu Kumar Biswas
Contact Us :+91 9415873885

Janpad Mirror
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। चुर्क-गुरमा नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 9 में जिला जेल मुख्य मार्ग के किनारे निर्माणाधीन नाली को लंबे समय से खुला छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से कराए गए सड़क और नाली निर्माण कार्य के दौरान शुरू की गई नाली का काम अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे आमजन को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्मल यादव और इकबाल कुरैशी के मोहल्लों के बीच सड़क पटरी के किनारे बनाई गई नाली पिछले लगभग एक वर्ष से खुली पड़ी है। नाली को ढंका न जाने के कारण विशेषकर रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई बार लोग इसमें गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। इसके अलावा खुले नाले से दुर्गंध और गंदगी फैलने की समस्या से आसपास के निवासी परेशान हैं।
नगरवासियों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों और नगर पंचायत प्रशासन को दी जा चुकी है। समाचार पत्रों के माध्यम से भी मामला उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्र के पूर्व सभासद नेत्रपाल सहित बच्चा सिंह, मारकण्डेय, एस.के. गुप्ता, निर्मल यादव, अफरोज कुरैशी और शुभम गुप्ता समेत अन्य नागरिकों ने जिलाधिकारी से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नाली निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
इस संबंध में चुर्क-गुरमा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सरोज से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल फोन पर संपर्क नहीं हो सका। उनकी प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
सम्बंधित खबर
अपना जिला