Sonbhadra News : “डीएम अंकल! मेरे गांव में नेटवर्क लगवा दीजिए, पापा से बात नहीं हो पाती…”
बच्ची की मासूम अपील है कि उसके पापा बाहर रहते हैं और गांव में नेटवर्क नहीं होने के कारण वह उनसे फोन पर बात तक नहीं कर पाती।

sonbhadra
7:43 PM, October 2, 2026
शांतनु कुमार
सोनभद्र। देश जहां 5G और डिजिटल क्रांति के दौर में तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं सोनभद्र के ग्राम सरईगढ़ में आज भी लोग मोबाइल नेटवर्क जैसी बुनियादी सुविधा के लिए परेशान हैं। इसी समस्या को लेकर एक मासूम बच्ची का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से गांव में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध कराने की गुहार लगा रही है।
बच्ची की मासूम अपील है कि उसके पापा बाहर रहते हैं और गांव में नेटवर्क नहीं होने के कारण वह उनसे फोन पर बात तक नहीं कर पाती। बच्ची की यह पीड़ा बताती है कि डिजिटल युग में भी कई ग्रामीण इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी अब तक बड़ी समस्या बनी हुई है।
नेटवर्क की समस्या का असर केवल फोन पर बातचीत तक सीमित नहीं है। मोबाइल कनेक्टिविटी के अभाव में आपातकालीन स्थिति में मदद मांगने, ऑनलाइन पढ़ाई, सरकारी सेवाओं और जरूरी सूचनाओं के आदान-प्रदान में भी ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मासूम बच्ची की हाथ जोड़कर की गई यह अपील अब जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित टेलीकॉम कंपनियों तक पहुंचने की उम्मीद जगा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि ग्राम सरईगढ़ में मोबाइल टावर अथवा बेहतर नेटवर्क की व्यवस्था जल्द से जल्द कराई जाए, ताकि गांव के लोगों को इस समस्या से निजात मिल सके।




