Sonbhadra News : सरईगढ़ के वायरल वीडियो का डीएम ने लिया संज्ञान
जिसके संबंध में एसडीओ बीएसएनल द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व में ही संबंधित क्षेत्र में नेटवर्क कनेक्टिविटी को लेकर सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है ।

sonbhadra
11:10 PM, October 2, 2026
- छोटी बच्ची ने मोबाइल टावर के लिए डीएम से लगाई थी गुहार
- जुगैल में भी प्रधान ने टावर के लिए लिखा है पत्र
शांतनु कुमार
सोनभद्र। सरईगढ़ के वायरल वीडियो का डीएम ने संज्ञान लिया है। वायरल वीडियो में छोटी बच्ची हाथ जोड़कर डीएम से निवेदन कर रही है कि डीएम अंकल उसके पापा बाहर रहते हैं, मोबाइल नेटवर्क लगवा दीजिये ताकि उनसे बात हो सके। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लिया है। जिसके संबंध में एसडीओ बीएसएनल द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व में ही संबंधित क्षेत्र में नेटवर्क कनेक्टिविटी को लेकर सर्वे का कार्य पूरा कर लिया गया है तथा टॉवर स्थापना की स्वीकृति के लिए डीजी बीएसएनल से पत्राचार किया जा चुका है। स्वीकृति प्राप्त होते ही उक्त क्षेत्र में भी टॉवर लगाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
जुगैल प्रधान ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
13 सितंबर को नेटवर्क न होने के कारण एंबुलेंस बुला पाने के कारण इलाज के अभाव में आनंद खरवार की गर्भवती पत्नी व उसके बच्चे की मौत हो गई थी । इस घटना ने क्षेत्र के लोगों को झकझोर के रख दिया । हालांकि आनंद खरवार के घर उनके ही बिरादरी व क्षेत्र के सांसद तथा मंत्री दुख व्यक्त करने भी नहीं पहुंचे । इसके बाद ग्राम प्रधान सुनीता यादव ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आनंद खरवार को मुआवजा देने तथा क्षेत्र में टावर लगाने की मांग की है। प्रधान सुनीता यादव ने खुलासा करते हुए यहां तक बता दिया कि मोबाइल नेटवर्क की समस्या क्षेत्र के लिए अभिशाप बन चुका है और एंबुलेंस न बुला पाने के कारण इलाज के अभाव में कई महिलाओं की मौत तक हो चुकी है । प्रधान ने जुगैल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थाई रूप से एक एंबुलेंस खड़ी रहने की मांग की है।
बहरहाल जिलाधिकारी क्षेत्रों में नेटवर्क कनेक्टिविटी की सर्वे कराये जाने की बात बता रहे हैं लेकिन सवाल यह है कि यदि कोई नेटवर्क के अभाव में एंबुलेंस न बुला सके और उसका मरीज बेहतर इलाज न मिल पाने के कारण दम तोड़ दे तो उसका जिम्मेदार आखिर कौन होगा, प्रशासन या फिर उसका भाग्य...?




