Sonbhadra News : सड़क हादसों पर डीएम सख्त! ब्लैक स्पॉटों पर बढ़ेगी निगरानी, लगेंगी कैट आई
जनपद में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और यातायात अव्यवस्था को लेकर अब प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क......

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेते डीएम चर्चित गोंड.....
sonbhadra
7:38 PM, May 21, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• अब हर दिन चेक होंगी स्कूल बसें
• अब प्रत्येक टोल प्लाजा पर उपलब्ध रहेगी एंबुलेंस और हाईड्रा
सोनभद्र । जनपद में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और यातायात अव्यवस्था को लेकर अब प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जनजागरूकता अभियान को तेज किया जाएगा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने लोक निर्माण विभाग और टोल प्लाजा प्रबंधन को निर्देश देते हुए कहा कि जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉटों पर शीघ्र कैट आई और साइनेज बोर्ड लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते सतर्क किया जा सके। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर इस कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
डीएम ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को निर्देशित किया कि प्रतिदिन कम से कम 10 स्कूल बसों का निरीक्षण कर उनकी फिटनेस, सुरक्षा मानकों और आवश्यक दस्तावेजों की जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
टोल प्लाजाओं की व्यवस्थाओं पर भी जिलाधिकारी का फोकस दिखाई दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक टोल प्लाजा पर एंबुलेंस और हाइड्रा वाहन हर समय उपलब्ध रहें तथा उनकी जीपीएस लोकेशन भी दर्ज की जाए, जिससे सड़क दुर्घटना या आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाई जा सके। साथ ही टोल प्लाजा परिसर में साफ-सफाई, सुलभ शौचालय, वॉल पेंटिंग और जनजागरूकता के लिए लाउडस्पीकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर पालिका क्षेत्रों में जाम की समस्या को लेकर भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने एआरटीओ, पुलिस विभाग और रोडवेज की संयुक्त टीम बनाकर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए, ताकि शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप ओवरलोडिंग और अवैध परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग शैलेष ठाकुर, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड एसके सिंह, एआरटीओ राजेश्वर यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




