Sonbhadra News : जनगणना कार्य में लापरवाही पर डीएम सख्त, 48 प्रगणकों का रोका वेतन
जनगणना के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया है। आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में कार्य......

वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से जनगणना के कार्य की जानकारी लेते डीएम चर्चित गोंड.....
sonbhadra
4:51 PM, June 3, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• दो दिन में सुधार नहीं हुआ तो होगी कठोर कार्रवाई - डीएम
सोनभद्र । जनगणना के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया है। आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में कार्य में लापरवाही बरतने वाले 48 प्रगणकों के वेतन पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जनपद की चारों तहसीलों रॉबर्ट्सगंज, घोरावल, दुद्धी और ओबरा में संचालित जनगणना कार्य का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। जांच में सामने आया कि कई प्रगणकों ने प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं की है साथ ही एचएलओ एप पर परिवारों की संख्या संबंधी आंकड़ों को सिंक नहीं किया गया, जिससे कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि लापरवाही बरतने वाले 48 प्रगणकों में रॉबर्ट्सगंज के 19, घोरावल के 10, दुद्धी के 10 तथा ओबरा तहसील के 9 प्रगणक शामिल हैं। कार्य में शिथिलता पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित प्रगणकों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने चार्ज अधिकारियों, सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आगामी दो दिनों के भीतर कार्य में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में प्रगति न होने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
समीक्षा के दौरान ग्रासिम इंडस्ट्री क्षेत्र से संबंधित चार्ज अधिकारियों की प्रगति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए साथ ही जनगणना कार्य को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण करने के लिए सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।




