Sonbhadra News : थाना दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ भूमि विवाद सहित अन्य मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

sonbhadra
4:57 PM, September 26, 2026
राजकुमार गुप्ता (संवाददाता)
० थाना घोरावल में आयोजित थाना दिवस में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की जनसुनवाई
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने आज थाना घोरावल में आयोजित थाना दिवस में पहुंचकर आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। अधिकारियों ने फरियादियों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना दिवस के दौरान भूमि विवाद, राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न प्रकरणों को लेकर आए फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ भूमि विवाद सहित अन्य मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा शिकायतकर्ता को समयबद्ध रूप से राहत उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस अधिकारियों को थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




