Sonbhadra News : लिफ्ट कांड पर डीएम का डबल एक्शन, प्राचार्य के बाद ब्लॉक-बी प्रभारी से भी जवाब तलब, भविष्य में लापरवाही न दोहराने की दी चेतावनी
मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट में मरीज के फंसे रहने की घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। सोमवार शाम हुई इस गंभीर घटना की खबर मीडिया में आने के बाद जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने पूरे........

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
10:40 AM, May 5, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट में मरीज के फंसे रहने की घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। सोमवार शाम हुई इस गंभीर घटना की खबर मीडिया में आने के बाद जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने पूरे मामले का संज्ञान लिया और सख्त रुख अपनाते हुए पहले मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से स्पष्टीकरण तलब किया। प्राचार्य का जवाब मिलते ही डीएम ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए ब्लॉक-बी प्रभारी डॉ0 अवनीश शाह से भी जवाब मांगा और सख्त निर्देश दिया कि भविष्य में ऐसी लापरवाही किसी भी हाल में दोहराई न जाए।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ0 आनंद कुमार द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे आई तेज आंधी और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे मेडिकल कॉलेज की लिफ्ट बीच में ही बंद हो गई। उस समय लिफ्ट के अंदर एक मरीज और उसका सहयोगी मौजूद था। शुरुआत में लिफ्ट का दरवाजा खुला, लेकिन वे बाहर नहीं निकल सके और कुछ ही देर बाद पूरी तरह बिजली गुल होते ही लिफ्ट फिर बंद हो गई। लिफ्ट में फंसे लोगों द्वारा मदद के लिए आवाज लगाने पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी ने स्थिति को संज्ञान में लिया और जनरेटर ऑपरेटर को सूचना दी। हालांकि सवाल यह उठता है कि आपात स्थिति में बैकअप सिस्टम तुरंत सक्रिय क्यों नहीं हुआ। बताया गया कि जनरेटर ऑपरेटर, जो उस समय ऑक्सीजन प्लांट में कार्यरत था, मौके पर पहुंचा और जनरेटर चालू किया, जिसके बाद 10 से 20 मिनट में बिजली बहाल हो सकी और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर इस पूरे प्रकरण में नोडल प्रभारी डॉ0 अवनीश शाह (ब्लॉक-बी) सहित संबंधित तकनीकी कर्मियों विद्युत मिस्त्री, लिफ्ट ऑपरेटर और जनरेटर ऑपरेटर से विस्तृत जानकारी ली गई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुधारात्मक उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएंगे।
वहीं जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने सख्त रुख अपनाते हुए ब्लॉक-बी प्रभारी डॉ0 अवनीश शाह से स्पष्टीकरण तलब किया है साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटना न दोहराए जाने की हिदायत भी दी है।




