Sonbhadra News : बभनौली कला में बदहाल सड़क पर डीएम का एक्शन, बीडीओ को तत्काल प्रस्ताव बनाने के निर्देश
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के शुभारम्भ के लिए ग्राम बभनौली कला के पहुंचे जिलाधिकारी चर्चित गोंड की नजर जब प्राथमिक विद्यालय से लगभग एक किलोमीटर तक कीचड़ से लथपथ सड़क पर पड़ी....

डीएम चर्चित गोंड.......
sonbhadra
3:02 PM, July 1, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• प्राथमिक विद्यालय से करीब एक किलोमीटर जर्जर मार्ग देखकर जताई नाराजगी
• बीडीओ को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने और पीडब्ल्यूडी से समन्वय कर सड़क दुरुस्त कराने के निर्देश
सोनभद्र । विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के शुभारम्भ के लिए ग्राम बभनौली कला के पहुंचे जिलाधिकारी चर्चित गोंड की नजर जब प्राथमिक विद्यालय से लगभग एक किलोमीटर तक कीचड़ से लथपथ सड़क पर पड़ी तो उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
बरसात के कारण सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो चुकी थी, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति का जायजा लेने के बाद जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण का प्रस्ताव तत्काल तैयार कर भेजा जाए।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने कहा, "ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान नहीं होना चाहिए। प्राथमिक विद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग सुरक्षित और सुगम होना जरूरी है। पीडब्ल्यूडी से समन्वय स्थापित कर सड़क को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान आवागमन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।"
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रस्ताव तैयार करने में अनावश्यक विलंब न किया जाए और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सड़क सुधार का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में देरी या लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों ने भी जिलाधिकारी के समक्ष वर्षों से सड़क की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि गांव के लोगों और विद्यालय के बच्चों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
"विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान जिलाधिकारी का यह संवेदनशील रुख ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय लोगों ने मौके पर ही समस्या का संज्ञान लेकर त्वरित निर्देश देने पर जिलाधिकारी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।"




