Sonbhadra News : डीएम ने किया मिलेट्स प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन, किसानों को मिलेगा लाभ
पन्नूगंज क्षेत्र स्थित मझिगावा गांव में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत स्थापित मिलेट्स (मोटा अनाज) प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने फीता......

sonbhadra
6:39 PM, April 16, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पन्नूगंज क्षेत्र स्थित मझिगावा गांव में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत स्थापित मिलेट्स (मोटा अनाज) प्रोसेसिंग यूनिट का उद्घाटन जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने यूनिट का निरीक्षण करते हुए इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।
इस यूनिट की स्थापना स्थानीय उद्यमी प्रदीप कुमार गुप्ता द्वारा की गई है, जिसे बैंक से 13 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ है, साथ ही योजना के तहत 35 प्रतिशत अनुदान भी प्रदान किया गया है। कार्यक्रम का संचालन जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने किया।
जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने कहा कि "यह जनपद की पहली नवाचार आधारित मिलेट्स प्रोसेसिंग इकाई है, जिसमें लगभग 92 प्रकार के मोटे अनाजों की प्रोसेसिंग की क्षमता मौजूद है। उद्घाटन के मौके पर कोदो, सावां और चिरौंजी जैसे उत्पादों का सफल ट्रायल भी प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की इकाइयों की स्थापना से किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही, इससे क्षेत्र में मोटे अनाजों के उत्पादन और प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि सोनभद्र जनपद मोटे अनाज के उत्पादन के लिए जाना जाता है और इस तरह की पहल से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।"
कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी, अधिशासी अभियंता (पीडब्ल्यूडी) सहित अन्य अधिकारीगण और उद्यमी भी उपस्थित रहे।



