Sonbhadra News : एमसीएच में गंदगी देख भड़के डीएम, लगाई फटकार
डीएम के औचक निरीक्षण में जिले में पीपीपी मॉडल पर संचालित 100 बेड मातृ एवं शिशु विंग के स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की कलई खुल गयी। बुधवार को जब डीएम निरीक्षण में पहुंचे तब भी यहां सफाई व्यवस्था बदहाल मिली...

निरीक्षण करते डीएम बी0एन0सिंह
sonbhadra
8:03 AM, November 14, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । डीएम के औचक निरीक्षण में जिले में पीपीपी मॉडल पर संचालित 100 बेड मातृ एवं शिशु विंग के स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की कलई खुल गयी। बुधवार को जब डीएम निरीक्षण में पहुंचे तब भी यहां सफाई व्यवस्था बदहाल मिली। डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए चिकित्सा अधीक्षक को इसमें सुधार के निर्देश दिए। डीएम बद्रीनाथ सिंह बुधवार को अचानक जिला अस्पताल परिसर में संचालित 100 बेड के मातृ-शिशु इकाई के निरीक्षण को पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उन्होंने परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया, कई जगह गंदगी का अंबार मिला। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। चिकित्सा अधीक्षक ने जलबहाव के लिए नाला निर्माण की जरूरत बताई। कहा कि इसके अभाव में पानी लगने की समस्या बनी हुई है। डीएम ने इसके लिए संबंधित निर्माण एजेंसी को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
बताते चलें कि तीन दिन पूर्व ज़ब राज्य महिला आयोग की सदस्य के औचक निरीक्षण में सफाई व्यवस्था की बदहाली मिली थी लेकिन इसके बावजूद भी 100 बेड मातृ-शिशु इकाई के जिम्मेदारों ने कोई सबक नहीं लिया।
इससे पूर्व डीएम ने रौंप में निर्माणाधीन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय भवन व विश्राम गृह का भी निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में प्रयोग की जाने वाली सरिया, सीमेंट, ईंट आदि सामग्री की गुणवत्ता की जानकारी ली। यूपी सिडको के परियोजना प्रबंधक को निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण तरीके से सुनिश्चित करने की हिदायत दी। कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि भवन निर्माण के लिए 4.8953 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसमें से ढाई करोड़ की धनराशि अवमुक्त की गई है। अब तक 1.20 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यह कार्य 14 मार्च 2025 पूरा करना है। निर्माण कार्य निर्धारित समय अवधि में पूर्ण कर लिया जाएगा।
इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ0 अश्वनी कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ0 बी0 सागर, 100 बेड के चिकित्साधीक्षक डाॅ0 डी0के0सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।




