Sonbhadra News : पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी पर डीएम हुए सख़्त, 200 लीटर से अधिक खरीदने वालों का रखना होगा पूरा ब्योरा
जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी और डायवर्जन जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट........

पेट्रोल-डीजल की कालाबाजारी पर रोकथाम के लिए बैठक करते डीएम चर्चित गोंड.....
sonbhadra
6:20 PM, June 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• जमाखोरी और डायवर्जन रोकने के लिए पेट्रोल पंपों की होगी नियमित निगरानी, आकस्मिक निरीक्षण के निर्देश
सोनभद्र । जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी और डायवर्जन जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पेट्रोलियम कंपनियों के विक्रय प्रबंधकों एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल, डीजल एवं सीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता हर समय बनी रहनी चाहिए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसी भी स्थिति में ईंधन की कृत्रिम कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए थोक उपभोक्ताओं की नियमित निगरानी और समीक्षा की जाए, जिससे खुदरा बिक्री प्रभावित न हो तथा पैनिक बाइंग और असामान्य जमाखोरी जैसी स्थितियों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।
डीएम ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि बोतल, डिब्बे या अन्य खुले एवं असुरक्षित बर्तनों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा अधिक बिक्री वाले पेट्रोल पंपों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि कालाबाजारी और ईंधन के डायवर्जन की किसी भी संभावना को समय रहते रोका जा सके।
बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 200 लीटर से अधिक पेट्रोल अथवा डीजल खरीदने वाले प्रत्येक ग्राहक का पूरा विवरण संबंधित पेट्रोल पंप पर रजिस्टर में दर्ज किया जाए। इसमें ग्राहक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, वाहन संख्या तथा ईंधन के उपयोग का उद्देश्य अंकित करना अनिवार्य होगा, जिससे आवश्यकता पड़ने पर सत्यापन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता को निर्देशित किया कि उनके नेतृत्व में गठित टीम द्वारा जनपद के पेट्रोल पंपों का नियमित और आकस्मिक निरीक्षण किया जाए। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की गहन जांच की जाए और यदि कहीं भी कालाबाजारी, जमाखोरी, डायवर्जन या अभिलेखों में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न तेल कंपनियों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




