Sonbhadra News : कृत्रिम गर्भाधान की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज, 11 पशु चिकित्साधिकारियों का रोका वेतन
जनपद में कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम की धीमी प्रगति और भारत सरकार के भारत पशुधन पोर्टल पर सूचनाओं के संतोषजनक अपलोड न होने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा के दौरान............

जिलाधिकारी चर्चित गोंड.........
sonbhadra
9:06 PM, July 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम की धीमी प्रगति और भारत सरकार के भारत पशुधन पोर्टल पर सूचनाओं के संतोषजनक अपलोड न होने पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया है। समीक्षा के दौरान असंतोषजनक प्रदर्शन मिलने पर उन्होंने 11 पशु चिकित्साधिकारियों के वेतन भुगतान पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने चतरा ब्लॉक के बगौरा व जैमोहरा, जुगैल, दुद्धी, विंढमगंज, सुकृत, कोन, म्योरपुर, नगवां, चुर्क तथा रॉबर्ट्सगंज के संबंधित पशु चिकित्साधिकारियों के वेतन पर रोक लगा दिया है।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित सभी सूचनाएं भारत पशुधन पोर्टल पर शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध तरीके से अपलोड की जाएं। उन्होंने कहा कि यह कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को 30 जुलाई तक कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम की प्रगति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय तक अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के साथ अन्य विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम में तेजी लाने तथा भारत पशुधन पोर्टल पर शत-प्रतिशत डाटा अपलोड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की प्राथमिक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।




