Sonbhadra News : सिन्दुरिया एक्सीलेंस सेंटर के निर्माण में धीमी प्रगति पर डीएम नाराज, कार्यदायी संस्थाओं को कड़े निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के लिए आवश्यकतानुसार दो-तीन शिफ्ट में कार्य कराया जाए।

sonbhadra
6:13 PM, October 5, 2026
- डीएम ने दो-तीन शिफ्ट में कार्य कराकर निर्माण की रफ्तार बढ़ाने के दिए निर्देश
- निर्माण कार्य में तेजी के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की हिदायत
शांतनु कुमार/घनश्याम पांडेय
सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में सिन्दुरिया एक्सीलेंस सेंटर के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में कार्यदायी संस्थाओं द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, भौतिक प्रगति एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किए जाने को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद, प्रयागराज द्वारा कराए जा रहे एक्सीलेंस सेंटर के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित परियोजना प्रबंधक को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में तत्काल तेजी लाई जाए और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के लिए आवश्यकतानुसार दो-तीन शिफ्ट में कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में श्रमिक एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हुए निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाए, ताकि परियोजना में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो।
इसी क्रम में कार्यालय संस्था सी0 एण्ड0 डी0 एस0 द्वारा सिन्दुरिया एक्सीलेंस सेंटर में कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों को निर्धारित गति से आगे बढ़ाते हुए समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक चरण की प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने दोनों कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी के साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, कार्य की तकनीकी गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का नियमित सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण में धीमी प्रगति स्वीकार्य नहीं है। कार्यदायी संस्थाएं पूरी क्षमता के साथ कार्य करते हुए निर्माण की गति बढ़ाएं और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए तथा निर्माण स्थल पर अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण कर प्रगति एवं गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में संबंधित परियोजना प्रबंधक, अधिशासी अभियंता एवं दोनों कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




