Sonbhadra News : सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में पिछड़ने पर मंडलायुक्त ने लगाई अफसरों की क्लास, सुधार का दिया अल्टीमेटम
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जनपद की प्रगति और जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर विंध्याचल मंडल के आयुक्त राजेश प्रकाश ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की जमकर क्लास ली। समीक्षा बैठक के दौरान...

sonbhadra
5:08 PM, June 20, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में जनपद की प्रगति और जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर विंध्याचल मंडल के आयुक्त राजेश प्रकाश ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की जमकर क्लास ली। समीक्षा बैठक के दौरान आयुक्त ने निर्माणाधीन परियोजनाओं, जल जीवन मिशन, राजस्व विभाग और विकास कार्यों की प्रगति पर गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।
बैठक में आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि अनावश्यक देरी पर जवाबदेही तय की जाएगी।
जल जीवन मिशन पर विशेष निगरानी -
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने एडीएम (नमामि गंगे) को 15 गांवों का स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति का सत्यापन जमीनी स्तर पर होना चाहिए।
नहीं चलेगी जनसुनवाई में लापरवाही -
जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैंकों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल -
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा में कम ऋण वितरण करने वाले बैंकों पर भी सवाल उठे। आयुक्त ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिया कि जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में बैंक प्रबंधकों की बैठक बुलाकर ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा की जाए और पात्र युवाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने की ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
राजस्व विभाग की धीमी प्रगति पर नाराजगी -
राजस्व विभाग की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए आयुक्त ने एडीएम (राजस्व) को सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए विशेष रणनीति बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों और राजस्व अधिकारियों के साथ प्रतिदिन सायंकाल समीक्षा बैठक आयोजित करने के आदेश दिए, ताकि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण हो सके।
योग दिवस की तैयारियों का लिया जायजा -
बैठक में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 21 जून को सलखन में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री संजीव गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा जिले की सभी ग्राम पंचायतों और अमृत सरोवरों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




