Sonbhadra News : अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों से लैस हुई जनपद पुलिस, अब सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही पर होगी पैनी नजर
जनपद में सड़क सुरक्षा को नई मजबूती देने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की दिशा में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन चुर्क से अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को.....

इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते एसपी अभिषेक वर्मा.....
sonbhadra
1:42 PM, August 4, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । जनपद में सड़क सुरक्षा को नई मजबूती देने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने की दिशा में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन चुर्क से अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आधुनिक तकनीकों से लैस इन वाहनों के संचालन से अब ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, स्टंटबाजी और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि "इंटरसेप्टर वाहनों में स्पीड लेजर गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरा, नाइट विजन कैमरा, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR), वीडियो रिकॉर्डिंग सिस्टम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, ब्रेथ एनालाइजर, अल्कोहल मीटर, लाल-नीली चेतावनी बत्ती एवं हूटर सहित अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इनकी मदद से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल और प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि इन वाहनों की तैनाती राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों, प्रमुख मार्गों, नगर क्षेत्रों तथा दुर्घटना संभावित और संवेदनशील स्थानों पर की जाएगी। इसके माध्यम से ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव, रैश ड्राइविंग, स्टंटबाजी, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और प्रदूषणकारी वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को छाता, रेनकोट, हाई पावर टॉर्च, ब्लैक चश्मा एवं मास्क भी वितरित किए, ताकि विपरीत मौसम में भी वे अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि "आधुनिक तकनीक से सुसज्जित इंटरसेप्टर वाहन सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएंगे। हमारा उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इंटरसेप्टर वाहनों का संचालन पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता के साथ करें तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।"
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक मो. नदीम, यातायात प्रभारी सहित यातायात शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




