Sonbhadra News : जिला पंचायत अध्यक्ष ने सपा अध्यक्ष के खिलाफ थाने में दी तहरीर, राजनीति गरमाई, पढ़ें क्या है पूरा मामला
जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने जनपद के कर्मा थाना में एक शिकायती पत्र देकर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव के विरुद्ध उनकी मानहानि करने और झूठे एवं अपमानजनक आरोप लगाने की शिकायत की है।

sonbhadra
4:13 PM, March 19, 2026
शांतनु कुमार/आनंद चौबे
सोनभद्र। जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने जनपद के कर्मा थाना में एक शिकायती पत्र देकर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव के विरुद्ध उनकी मानहानि करने और झूठे एवं अपमानजनक आरोप लगाने की शिकायत की है । उक्त जानकारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दी l
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने कर्मा थाने में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव के विरुद्ध एक लिखित शिकायत दी है l उन्होंने बताया कि शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि जिलाध्यक्ष द्वारा मीडिया में बोले गए शब्दों से उनकी सामाजिक छवि को क्षति पहुंची है l एस पी ने कहा कि इस मामले में जाँच की जा रही है तत्पश्चात् कार्यवाही की जाएगी l
जिला पंचायत अध्यक्ष राधिका पटेल ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि सपा जिलाध्यक्ष ने फेसबुक पर की गई पोस्ट में मुझपर माफिया से पैसे लेकर जिला पंचायत को माफिया के हाथों सौंपने का आरोप लगाया गया है l उन्होंने पत्र में लिखा है कि जिलाध्यक्ष द्वारा लगाये गये आरोप उन्हें ( जिला पंचायत अध्यक्ष को ) बदनाम करने उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने, समाज में उनके प्रति अविश्वास एवं घृणा उत्पन्न करने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया है l राधिका पटेल ने जिलाध्यक्ष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने एवं कार्यवाही करने की माँग की है l
इस संबंध में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव ने कहा कि उनके द्वारा लगाए गए आरोप सही हैं तथा अपनी बातों पर वह अभी भी क़ायम हैं l यद्यपि उन्होंने कहा कि उनकी मीडिया के कुछ बंधुओं से वार्ता के दौरान उक्त बातें कहीं गई थीं लेकिन मीडिया द्वारा पूरी बातों को नहीं चलाया गया l यदि पूरी बात चली होती तो स्थिति और स्पष्ट होती l यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के आने के बाद से ही सोनभद्र में खनन, ठेकेदारी एवं जिला पंचायत में माफिया कार्य कर रहे हैं l उन्होंने कहा कि जिला पंचायत में जिला पंचायत सदस्यों के माध्यम से कोई कार्य नहीं हो रहा है बल्कि माफिया जो चाहते हैं वही होता है l




