Sonbhadra News : जनपद न्यूज Live की मुहिम लाई रंग, वैकल्पिक मार्ग बनकर तैयार, अब कीचड़ नहीं बल्कि सीसी मार्ग से दौड़ेंगे वाहन
लगभग एक माह से रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के चलते आवागमन की भारी समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है। जनपद न्यूज Live द्वारा लगातार प्रमुखता......

नवनिर्मित वैकल्पिक मार्ग का निरीक्षण करते सदर एसडीएम आशीष कुमार त्रिपाठी.......
sonbhadra
6:28 PM, August 3, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । लगभग एक माह से रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के चलते आवागमन की भारी समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर सामने आई है। जनपद न्यूज Live द्वारा लगातार प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे, सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ0 धर्मवीर तिवारी, भूतपूर्व विधायक तीरथराज, समाजसेवी रवि प्रकाश चौबे की सक्रिय पहल तथा जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के त्वरित निर्देशों के बाद रेलवे क्रॉसिंग के समीप सीसी का वैकल्पिक मार्ग तैयार कर दिया गया है। इस मार्ग पर अब हल्के एवं भारी दोनों प्रकार के वाहनों का आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो गया है, जिससे हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है।
रॉबर्ट्सगंज से पन्नूगंज को जोड़ने वाला यह मार्ग जिले के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान तकनीकी कार्यों के कारण रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर अस्थायी अवरोध लगाए गए थे। इसके चलते लोगों को कीचड़, जलभराव और उबड़-खाबड़ वैकल्पिक रास्तों से होकर गुजरना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई थी। स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यापारियों और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
लगातार सामने आ रही जनसमस्याओं का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित विभागों को तत्काल सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग तैयार कराने के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश पर युद्धस्तर पर कार्य कर सीमेंट-कंक्रीट से मजबूत वैकल्पिक मार्ग तैयार कराया गया, जिससे अब आवागमन पहले की तुलना में काफी आसान और सुरक्षित हो गया है।
तैयार किए गए मार्ग का निरीक्षण उप जिलाधिकारी सदर आशीष कुमार त्रिपाठी ने किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आरओबी निर्माण कार्य के दौरान भी यातायात व्यवस्था किसी भी स्थिति में प्रभावित न होने पाए तथा आमजन की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।
उप जिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी ने बताया कि "रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से जारी है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि निर्माण अवधि के दौरान लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।"
बताते चलें कि जनपद न्यूज Live ने बीते एक माह से लगातार इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठा रहा था। इसके साथ ही सदर विधायक भूपेश चौबे, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ0 धर्मवीर तिवारी सहित कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। इन सभी प्रयासों का परिणाम अब धरातल पर दिखाई देने लगा है।




