Sonbhadra News : Monkey Pox को लेकर जिले का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
अफ्रीकी देशों सहित दुनिया के कई देशों में मंकी पॉक्स फैलने के बाद प्रदेश सरकार के निर्देश पर जनपद सोनभद्र में भी अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि अभी जिले में मंकी पॉक्स का कोई मामला सामने नहीं आया है

sonbhadra
10:50 PM, August 30, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । अफ्रीकी देशों सहित दुनिया के कई देशों में मंकी पॉक्स फैलने के बाद प्रदेश सरकार के निर्देश पर जनपद सोनभद्र में भी अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि अभी जिले में मंकी पॉक्स का कोई मामला सामने नहीं आया है, इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतने के आदेश दिए हैं।
वायरल पर नियंत्रण, बचाव और रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय ने सभी सीएमओ को जरूरी निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक नागरिक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बनाने के आदेश दिए गए हैं, ताकि संदिग्ध मरीज को वार्ड में रखा जा सके। इसके अलावा बेड को रिजर्व रखने के आदेश दिए गए हैं। मुख्यालय से आदेश मिलने के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
पत्र जारी कर सतर्क रहने का दिया निर्देश -
आज सीएमओ डॉ0 अश्वनी कुमार की ओर से जारी पत्र में मेडिकल कालेज के साथ सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को सतर्क रहने को कहा गया है। मंकी पाक्स की एडवाइजरी तथा नमूनों के लिए संग्रहण और बाहर से आने वाले लोगों में लक्षणों की जांच व नजर रखने के लिए निर्देशित किया गया है। पत्र में महामारी की क्षमता, गंभीरता के लिए सजगता और सर्विलांस रखने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं। डाक्टरों को भी सक्रिय रहने को कहा गया है।
शारीरिक संबंध बनाने से भी हो सकता है मंकी पॉक्स -
शारीरिक संबंध बनाने से भी मंकी पॉक्स हो सकता है। इतना ही नहीं संक्रमित रोगी का इस्तेमाल किया हुआ कपड़ा, तौलिया से भी मंकी पॉक्स का संक्रमण हो सकता है। सीएमओ ने कहा कि मंकी पॉक्स बीमारी से घबराना नहीं चाहिए क्योंकि यह 2 से 4 सप्ताह में स्वत: ठीक हो जाता है। कोविड की तरह यह जानलेवा या खतरनाक नहीं है। इसकी रोकथाम 100 प्रतिशत इफेक्टिव है। संक्रमित व्यक्ति से हमेशा दूर रहना चाहिए। ऐसे संक्रमण से बचने के लिए सबसे जरुरी साफ सफाई है, क्योंकि संक्रमित व्यक्ति से कोई संम्पर्क या फिर उसकी लार या शरीर के अन्य पदार्थ टच होना खतरा है। कटी त्वचा, आंख, नाक, मुंह से भी हो सकता है।




