Sonbhadra news : भूत-प्रेत की चर्चा पर पड़ोसी से विवाद, कुल्हाड़ी से किया जानलेवा हमला
भरहरी गांव के टोला चकदहिया में भूत-प्रेत की बात को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

sonbhadra
4:52 PM, October 5, 2026
- जुगैल पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
घनश्याम पांडे (संवाददाता)
जुगैल सोनभद्र। जुगैल थाना क्षेत्र के भरहरी गांव के टोला चकदहिया में भूत-प्रेत की बात को लेकर हुए विवाद में पड़ोसी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, चार अक्टूबर को अवध लाल साकेत के पड़ोसी नंदलाल बैसवार से भूत-प्रेत की बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान नंदलाल ने कुल्हाड़ी से अवध लाल की गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना के संबंध में घायल के छोटे भाई रामजी साकेत की तहरीर पर जुगैल थाने में मुकदमा संख्या 128/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
इसी क्रम में पुलिस टीम ने पांच अक्टूबर को करीब 11 बजे भरहरी मुख्य मार्ग से आरोपी नंदलाल बैसवार पुत्र स्वर्गीय ननकऊ बैसवार, निवासी टोला चकदहिया, ग्राम भरहरी, थाना जुगैल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर घर से वारदात में इस्तेमाल की गई एक कुल्हाड़ी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया।
बरामदगी: घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा, उपनिरीक्षक अशोक कुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल श्याम शेर यादव, कांस्टेबल गिरजेश राजपूत, कांस्टेबल मोहित राज तथा महिला कांस्टेबल अंकिता सिंह शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के पर्यवेक्षण में की गई।




