Sonbhadra news : मारकुंडी पुरानी घाटी में डीजल टैंकर पलटा, सड़क पर बहा हजारों लीटर डीजल
मारकुंडी पुरानी घाटी उतरते समय गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डीजल से लदा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

sonbhadra
9:58 AM, October 8, 2026
- हादसे के बाद डीजल बटोरने के लिए उमड़ी भीड़, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
राकेश चौबे
मारकुंडी, (सोनभद्र)। चोपन थाना क्षेत्र की मारकुंडी पुरानी घाटी उतरते समय गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डीजल से लदा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें भरा हजारों लीटर डीजल सड़क पर फैलने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डीजल बहने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोग बाल्टी, डिब्बे और अन्य बर्तनों में डीजल भरने लगे। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
टैंकर चालक पवन कुमार पुत्र संजय यादव, निवासी यमुनानगर, थाना नजीरगंज, जनपद गया (बिहार) के मुताबिक वह मुगलसराय से डीजल लेकर चोपन की ओर जा रहा था। मारकुंडी घाटी में वाहन के ब्रेक में अचानक खराबी आने के बाद टैंकर पर नियंत्रण नहीं रहा और वह सड़क पर पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं।
सूचना मिलते ही गुरमा चौकी प्रभारी अपने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी के बाद सड़क पर डीजल भरने के लिए जुटे लोग वहां से हट गए। डीजल के कारण आग लगने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग को भी बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही और करीब आधे घंटे तक जाम जैसी स्थिति बनी रही।
मारकुंडी घाटी में हादसे बन रहे लगातार चिंता का कारण
मारकुंडी घाटी में सड़क हादसे कोई नई बात नहीं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी के इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी रहती है। लोगों का आरोप है कि बार-बार घटनाएं सामने आने के बावजूद सड़क निर्माण से जुड़ी कंपनी और संबंधित प्रशासनिक स्तर पर दुर्घटना संभावित स्थानों की समस्याओं को दूर करने के लिए अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि घाटी में सड़क की स्थिति, ढलान, मोड़, सुरक्षा इंतजाम और वाहनों की निगरानी व्यवस्था की गंभीरता से समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
मारकुंडी घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए अब सवाल यह है कि किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार महकमा जागेगा या उससे पहले सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाएंगे।




