Sonbhadra News : अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों दिया अर्घ्य, अर्घ्य के बाद नवनिर्मित सूर्य मंदिर आम श्रद्धालुओं को समर्पित
दंडवत प्रणाम करते हुए छठ घाट पहुंचीं व्रती महिलाएं, छठी मइया के पारंपरिक गीतों से गूंजा मलिया नदी तट; दीप जलाकर वेदियों के समीप कर

सोनभद्र
5:53 PM, November 15, 2026
धर्मेन्द्र गुप्ता (संवाददाता)
विंढमगंज (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक के महुली-फुलवार स्थित मलिया नदी के पावन तट पर रविवार को आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य अर्पित करने के लिए व्रती माताओं एवं बहनों का सैलाब छठ घाट पर उमड़ पड़ा। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ व्रती महिलाएं दंडवत प्रणाम करते हुए मलिया नदी के तट तक पहुंचीं। इस दौरान उनके कंठ से गूंजते छठी मइया के पारंपरिक गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। 'कांचहि बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...' जैसे लोकगीतों से मलिया नदी का तट गुंजायमान होता रहा।सूर्यास्त के समय व्रती महिलाओं ने सूप में फल, ठेकुआ, नारियल एवं पूजन सामग्री सजाकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया।
इससे पूर्व सूर्यदेव का नवनिर्मित मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद आम श्रद्धालुओं को समर्पित कर दिया गया।
छठी मइया की वेदियों के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और आरोग्य की कामना की। व्रती माताएं पूरी रात वेदी के समीप रहकर छठी मइया की आराधना एवं रात्रि जागरण करेंगी। सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का पारण होगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विंढमगंज थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ छठ घाट पहुंचे और मलिया नदी तट पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि माताएं एवं अभिभावक अपने बच्चों को नदी के किनारे अकेले न जाने दें। पुलिस पूरी रात घाट पर मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।
इस अवसर पर छठ पूजा सेवा समिति महुली के अध्यक्ष कमलेश कुमार कन्नौजिया, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार कन्नौजिया, कोषाध्यक्ष योगेंद्र यादव उर्फ पप्पू यादव, सुशील गुप्ता, विवेक कुमार कन्नौजिया, वीरेंद्र चौधरी (मंडल अध्यक्ष विंढमगंज), राजनाथ गोस्वामी, अमित कुमार कन्नौजिया, अमरेश कुमार कन्नौजिया, संजय कुमार कन्नौजिया एवं पंकज कन्नौजिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, महुली ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने सूर्य मंदिर एवं छठ घाट की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। समिति के पदाधिकारी श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित बनाने में जुटे रहे। मलिया नदी का तट दीपों की रोशनी, छठ गीतों की मधुर धुन और व्रती महिलाओं की अटूट आस्था से छठमय नजर आया।




