Sonbhadra news : नागपंचमी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धा, कबड्डी में दिखा युवाओं का दमखम
सलखन न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में मंगलवार को नागपंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

sonbhadra
2:55 PM, August 17, 2026
राकेश चौबे
मारकुंडी (सोनभद्र)। सलखन न्याय पंचायत क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में मंगलवार को नागपंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। लोगों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प, दूध व लावा अर्पित किए और नाग देवता की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। ग्रामीणों ने घरों के द्वार पर नाग आकृति बनाकर भी पूजन किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और नाग देवता के जयकारों से गूंजते रहे।
वहीं, मारकुंडी ग्राम पंचायत के तेलाई चकरिया स्थित आदिवासी बस्ती में नागपंचमी के अवसर पर कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई। स्थानीय टीमों के बीच हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के बाद विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान बैठोल बैगा, रामप्यारे बैगा, शंकर, राजू, सुक्खू, रामसुरत, धनेसर, धनंजय, रामविलास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। धार्मिक पर्व के साथ खेल आयोजन से क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना रहा।




