Sonbhadra News : जिले के विकास को मिलेगी गति, 3.94 करोड़ के 100 कार्यों का केंद्रीय मंत्री ने किया वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास
राज्यसभा सांसद/केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जनपद सोनभद्र में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की निधि से संस्तुत/स्वीकृत 100 विकास.....

sonbhadra
7:08 PM, March 28, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राज्यसभा सांसद/केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जनपद सोनभद्र में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की निधि से संस्तुत/स्वीकृत 100 विकास कार्यों का 3 करोड़ 94 लाख 40 हजार का वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किया।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि "जनपद सोनभद्र से उनका गहरा रिश्ता है तथा यह जनपद उन्हें अपने घर जैसा प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि आज का दिन उनके लिए अत्यन्त प्रसन्नता का है तथा जनपद सोनभद्र के विकास की दृष्टि से अत्यन्त महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने बताया कि आज शिलान्यास किये गये 64 कार्यों से जनपद के विकास को नई गति मिलेगी तथा जनपदवासियों के जीवन को अधिक सुखद एवं सुविधाजनक बनाने में योगदान प्राप्त होगा।"
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि "जनपद सोनभद्र आकांक्षी जनपद होने के बावजूद भी प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में निरंतर योगदान दे रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं जनता के सहयोग से नीति आयोग की रैंकिंग में जनपद के प्रदर्शन की सराहना भी की।"
इस अवसर पर जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने बताया कि "केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा सांसद निधि के अंतर्गत कुल 100 विकास परियोजनाएं स्वीकृत करायी गई हैं, जिनमें प्रमुख रूप से 31 सार्वजनिक सोलर पेयजल संयंत्र, 34 सोलर हाईमास्ट लाइट, 20 विद्युत हाईमास्ट लाइट, 6 विद्युतीकरण कार्य, 2 इंटरलॉकिंग कार्य, 02 सड़क/पुलिया, 4 विद्यालयों में भवन निर्माण तथा एक ओपन जिम शामिल हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से जनपद के विकास को नई दिशा मिलेगी तथा आमजन को व्यापक लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त किया कि भविष्य में भी जनपद को उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से निरंतर लाभ मिलता रहेगा।"
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता ने कहा कि "केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जनपद सोनभद्र को गोद लेकर जनपद के विकास हेतु एक नई रूप रेखा तय की है जिसके माध्यम से गांवों को सार्वजनिक पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी, पेयजल की समस्या के निराकरण में काफी सहायता उपलब्ध होगी।"
इस अवसर पर उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण श्रवण कुमार राय, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा सहित कार्यदायी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।




