Sonbhadra News : डीएमएफ की बैठक में जनपद के विकास को मिली बड़ी सौगात, करोड़ों की परियोजनाओं पर लगी मुहर
जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की बैठक में आज जिलाधिकारी चर्चित गोंड की अध्यक्षता में जनपद के समग्र एवं सतत विकास के लिए करोड़ों रुपये की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी परियोजनाओं को.....

AI जनरेटेड बैनर......
sonbhadra
5:01 PM, July 16, 2026
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• स्वास्थ्य से पर्यटन तक विकास का मेगा प्लान मंजूर
सोनभद्र । जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद की बैठक में आज जिलाधिकारी चर्चित गोंड की अध्यक्षता में जनपद के समग्र एवं सतत विकास के लिए करोड़ों रुपये की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सड़क, सिंचाई, जल निकासी, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और गोसंरक्षण जैसे अहम क्षेत्रों के विकास का व्यापक खाका तैयार किया गया।
डीएम चर्चित गोंड ने बताया कि "बैठक में जिला स्वास्थ्य समिति की कार्ययोजना को स्वीकृति देते हुए चिकित्सालयों एवं राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आवश्यक मानव संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। वहीं परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में नए भवन, अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाएं, शौचालय, चहारदीवारी तथा अनुरक्षण कार्य कराए जाएंगे, जिससे शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ओबरा में खनन प्रशिक्षण विद्यालय की स्थापना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक मिनी स्टेडियम निर्माण को भी हरी झंडी दी गई। इससे स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सकेंगे।"
डीएम ने आगे बताया कि "बैठक में ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया और संपर्क मार्गों के निर्माण, नगर क्षेत्रों में वैज्ञानिक ड्रेनेज प्रणाली विकसित कर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, किसानों के लिए चेकडैम निर्माण, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ऑयलसीड प्रसंस्करण इकाई की स्थापना तथा बेसहारा गोवंश के संरक्षण के लिए बृहद गोसंरक्षण केंद्र विकसित करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गई। पर्यटन एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मंगलेश्वर महादेव मार्ग तथा सलखन फॉसिल पार्क तक बेहतर संपर्क मार्ग विकसित करने और व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने की कार्ययोजना को भी स्वीकृति दी गई।"
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि "डीएमएफ निधि के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, कृषि, रोजगार, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए जनपद के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला रखी गई है। उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाएगा, ताकि खनन प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।"
बैठक में सांसद छोटेलाल खरवार, विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह, विधान परिषद सदस्य आशुतोष सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वगीश कुमार शुक्ला, वरिष्ठ कोषाधिकारी इन्द्रभान सिंह, ज्येष्ठ खान अधिकारी कमल कश्यप सहित जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




