Sonbhadra News : CMO कार्यालय में डेंगू व मलेरिया जागरूकता कार्यशाला का किया गया आयोजन
आज सीएमओ कार्यालय में जिला मलेरिया अधिकारी धमेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में डेंगू एवं मलेरिया जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

sonbhadra
11:03 PM, August 6, 2024
आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
मो0नं0 - 7007444590
सोनभद्र । आज सीएमओ कार्यालय में जिला मलेरिया अधिकारी धमेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में डेंगू एवं मलेरिया जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में भाग लेने आये व्यापारियों ने मच्छरजनित बीमारियों पर अंकुश लगाने क़ो लेकर स्वास्थ्य विभाग के दावों क़ो कठघरे में खड़ा करते हुए कई सवाल उठाए।
जागरूकता कार्यशाला में पहुंचे उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि "मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप तेज हो गया है। बावजूद इसके ग्रामीण क्षेत्रों की कौन कहे, जिला मुख्यालय पर ही न तो एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा सका है, न ही कीटनाशक दवा का ही छिड़काव देखने को मिलता है। हालांकि डीएमओ ने पूर्व में ही दावा किया था कि नगरपालिका निकाय राबर्टसगंज को 7 जून को ही 20 लीटर टेमीफास और 15 किलो बीटीआई उपलब्ध करा दिया गया है।"
पिछली मौतों से सबक नहीं ले रहा स्वास्थ्य महकमा -
जिला महामंत्री प्रीतपाल सिंह ने कहा कि वर्ष 2023 में सोनभद्र के मकरीबारी सहित अन्य गांवों में मलेरिया के प्रकोप से कई की मौत हो चुकी है। वर्ष 2022-23 में मलेरिया और डेंगू के मामलों में तेज वृद्धि भी देखने को मिली। 2023 में मलेरिया की जांच दर भी 3.31 प्रतिशत से बढ़कर 8.17 प्रतिशत तक पहुंच गई। लेकिन यह भी कड़वा सच है कि जिले में बगैर लाइसेंस के ही कई पैथोलॉजी संचालित हो रही हैं, जिनका कोई आंकड़ा विभागीय आंकड़े में शामिल नहीं हो पाता।
वहीं नगर अध्यक्ष प्रशांत जैन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश जायसवाल ने कहा कि कस्बाई इलाकों में एंटी लार्वा और कीटनाशक के छिड़काव की जिम्मेदारी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों की है लेकिन गांवों में भी हालात काफी खराब हैं। गांव-शहर दोनों जगह एंटी लार्वा, कीटनाशकों के छिड़काव पर ध्यान नहीं दिया गया तो हालात बेहद खराब हो सकते हैं। नेटवर्क विहीन गांवों में विशेष चिकित्सा शिविर और अभियान चलाकर लोगों को मलेरिया, डेंगू, डायरिया सहित अन्य रोगां से बचाव के लिए जागरूक किया जाए।




