Sonbhadra news : आवास, बिजली और पानी की मांग को लेकर ग्रामीण महिलाओं का प्रदर्शन
ग्रामीण महिलाओं ने आवास, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

sonbhadra
8:59 PM, June 23, 2026
एम शर्मा (संवाददाता)
डाला (सोनभद्र)। विकासखंड चोपन की ग्राम पंचायत कोटा के टोला मिटीहिनिया में मंगलवार को ग्रामीण महिलाओं ने आवास, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं और ग्रामीणों ने भाग लिया तथा प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा समाजसेवी दीपू विजय शर्मा ने बताया कि गांव में बिजली के पोल लगाए जाने के बावजूद करीब एक वर्ष से विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। तार नहीं खींचे जाने के कारण ग्रामीणों को अभी भी अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि हर घर जल योजना के तहत अब तक अधिकांश घरों में नल कनेक्शन और टोटी नहीं लगाई गई है। इसके चलते ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के दौरान भी गांव में पानी का टैंकर उपलब्ध नहीं कराए जाने से लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई पात्र परिवार अब भी प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पात्र लोगों का सर्वे कर उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने मांग की कि गांव में जल्द बिजली आपूर्ति शुरू की जाए, हर घर जल योजना का कार्य पूरा कर नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाए और सभी पात्र परिवारों को आवास योजना से जोड़ा जाए।
दीपू विजय शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण जिलाधिकारी से मिलकर अपनी मांगों को उठाएंगे और आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे।




