Sonbhadra news : दुद्धी तहसील में तड़ित चालक यंत्र लगाने की उठी मांग
आकाशीय बिजली से हो रही आकस्मिक मौतों पर रोक लगाने के लिए दुद्धी तहसील क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तड़ित चालक यंत्र (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने की मांग तेज हो गई है।

sonbhadra
3:57 PM, May 3, 2026
राजेश पाठक (संवाददाता)
• एआईपीएफ ने डीएम, एनएचआरसी और मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
• आकाशीय बिजली से हो रही मौतों को बताया सरकारी उपेक्षा का परिणाम
सोनभद्र। आकाशीय बिजली से हो रही आकस्मिक मौतों पर रोक लगाने के लिए दुद्धी तहसील क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तड़ित चालक यंत्र (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट (एआईपीएफ) ने जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
एआईपीएफ के जिला सचिव इंद्रदेव खरवार ने पत्र में कहा कि बभनी क्षेत्र के चौना गांव में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बालक घायल हो गया। मृतकों में 9 वर्षीय अर्चना (पुत्री विष्णु दयाल) और 8 वर्षीय आस्था (पुत्री राजेश कुमार) शामिल हैं, वहीं 12 वर्षीय हर्ष (पुत्र देवनारायण) घायल बताया गया है।
उन्होंने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। दुद्धी तहसील का पहाड़ी-पठारी इलाका हर साल आकाशीय बिजली की चपेट में आता है, जिससे ग्रामीणों की जान जाती है और कई परिवार प्रभावित होते हैं। इसके बावजूद अब तक क्षेत्र में तड़ित चालक यंत्र लगाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
पत्र में आरोप लगाया गया कि यह स्थिति सरकार और प्रशासन की लापरवाही को दर्शाती है तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दायित्व का उल्लंघन है। एआईपीएफ ने मांग की है कि दुद्धी तहसील के संवेदनशील क्षेत्रों में तत्काल तड़ित चालक यंत्र लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
साथ ही संगठन ने चौना गांव की घटना में मृत बच्चों के परिजनों को समुचित मुआवजा और घायल बच्चे के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है।




