Sonbhadra news : कोरोना काल से बंद चोपन-कटनी पैसेंजर ट्रेन के संचालन की मांग, सपा नेताओं ने सौंपा ज्ञापन
कोरोना महामारी के दौरान बंद हुई चोपन-कटनी पैसेंजर ट्रेन के दोबारा संचालन की मांग को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंडल यातायात प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।

sonbhadra
3:07 PM, July 10, 2026
घनश्याम पांडेय/विनीत शर्मा (संवाददाता)
चोपन (सोनभद्र)। कोरोना महामारी के दौरान बंद हुई चोपन-कटनी पैसेंजर ट्रेन के दोबारा संचालन की मांग को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंडल यातायात प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस ट्रेन के बंद होने से क्षेत्र के गरीब, ग्रामीण, आदिवासी और वनवासी समुदाय के लोगों के साथ-साथ रेलवे कर्मचारियों को भी लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि चोपन-कटनी पैसेंजर ट्रेन इस क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण परिवहन साधन रही है। इसके बंद होने से कोर्ट-कचहरी, अस्पताल, शिक्षा, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। छोटे-छोटे रेलवे स्टेशनों से जुड़े ग्रामीणों को बड़े शहरों तक पहुंचने में आर्थिक और व्यावहारिक परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।
सपा नेताओं ने कहा कि कई इलाकों में बस सेवा सीमित है और जहां उपलब्ध है, वहां किराया अधिक होने के कारण आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। वहीं स्थानीय यातायात के अन्य साधन भी महंगे और असुविधाजनक हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सिंगरौली क्षेत्र के हजारों लोग इलाज के लिए वाराणसी जाने हेतु इसी ट्रेन का उपयोग करते थे। ट्रेन का समय यात्रियों के लिए सुविधाजनक था, जिससे वे इलाज कर उसी दिन या समय पर अपने गंतव्य तक लौट सकते थे। इस कारण चोपन-कटनी पैसेंजर को क्षेत्र की "लाइफ लाइन" भी माना जाता रहा है।
समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए चोपन-कटनी पैसेंजर ट्रेन का संचालन शीघ्र शुरू करने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश सचिव नजमुद्दीन इदरीसी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सतीश कुमार यादव, विधानसभा सचिव सत्यदेव पांडे, चोपन नगर व्यापार सभा के अध्यक्ष गोपाल मोदनवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




